नई दिल्ली। रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 23 रनों की पारी के दौरान 2 छक्के लगाकर नया इतिहास रच दिया. साथ ही वह वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. रोहित अब इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रिस गेल के 87 छक्कों के महारिकॉर्ड को तोड़ने से महज 3 छक्के दूर हैं.
रोहित शर्मा का क्रिकेट करियर अद्भुत कीर्तिमानों और बेमिसाल छक्कों से भरा रहा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मैच में भारत के पूर्व कप्तान ने अपने नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर ली. वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने 28 गेंदों में 23 रनों की अपनी पारी के दौरान दो गगनचुंबी छक्के जड़े. इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए.
इस मैच से पहले तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) के नाम था. अफरीदी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने करियर के 38 वनडे मैचों (35 पारियों) में 50 छक्के लगाए थे. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 2 छक्कों की दरकार थी, जिसे उन्होंने वेलिंगटन में बेहद शानदार अंदाज में हासिल कर लिया.
पहले वनडे में बिना खाता खोले शून्य पर आउट होने के बाद रोहित शर्मा दूसरे वनडे में पूरी तरह से लय में नजर आए. उन्होंने कीवी तेज गेंदबाज काइल जेमिसन को अपना निशाना बनाया. रोहित ने अपना पहला छक्का सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर जड़ा, जिसने उन्हें अफरीदी की बराबरी पर ला खड़ा किया. इसके ठीक बाद, नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने कायल जेमिसन को फिर से सीमा रेखा के पार भेजकर वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना 51वां छक्का पूरा किया और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
रोहित शर्मा का प्रदर्शन न्यूजीलैंड के खिलाफ हमेशा से बेहतरीन रहा है. वर्ष 2009 से 2026 तक के अपने करियर में रोहित ने कीवियों के खिलाफ 36 वनडे मैचों की 34 पारियों में 1157 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 147 रन रहा है. उन्होंने कीवियों के खिलाफ वनडे में 2 शतक और 6 अर्धशतक जमाए हैं. छक्कों का नया कीर्तिमान (51 छक्के) स्थापित करने के साथ-साथ उन्होंने 104 चौके भी लगाए हैं.
वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अब रोहित शर्मा (51 छक्के) शीर्ष पर हैं. उनके बाद दूसरे स्थान पर शाहिद अफरीदी (50 छक्के) हैं. वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल 30 मैचों में 45 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर और श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या 47 मैचों में 41 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर काबिज हैं.
इस सूची में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर 28 मैचों में 29 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं. भारत के रन-मशीन विराट कोहली 38 मैचों में 29 छक्कों के साथ छठे स्थान पर हैं, जबकि कोहली ने कीवियों के खिलाफ वनडे में सर्वाधिक 1978 रन (7 शतक और 11 अर्धशतक) बनाए हैं. पाकिस्तान के फखर जमां और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट 28-28 छक्कों के साथ क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर हैं. पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 42 मैचों में 26 छक्के और सर्वाधिक 206 चौके लगाए हैं. भारत के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल भी 17 मैचों की 17 पारियों में 25 छक्के जड़कर इस सूची में तेजी से उभर रहे हैं.
वनडे फॉर्मेट के साथ-साथ रोहित शर्मा की नजरें अब सभी प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी20) को मिलाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के सर्वकालिक अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड पर भी टिक गई हैं. फिलहाल इंटरनेशनल स्टेज पर कीवियों के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का महारिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 51 मैचों की 57 पारियों में 87 छक्के जड़े हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट, वनडे + टी20) में न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित शर्मा ने 2009 से 2026 के दौरान 62 मैचों की 68 पारियों में कुल 85 छक्के लगाए हैं. वह क्रिस गेल (87 छक्के) के बाद दूसरे स्थान पर हैं. यानी रोहित को क्रिस गेल का यह विश्व रिकॉर्ड तोड़ने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कीवियों के खिलाफ नंबर-1 बनने के लिए आगामी तीन वनडे मैचों में सिर्फ 3 और छक्कों की आवश्यकता है.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों में तीसरे नंबर पर शाहिद अफरीदी (64 छक्के), चौथे पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयान मॉर्गन (53 छक्के) और पांचवें पर पाकिस्तान के फखर ज़मान (52 छक्के) हैं. इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रुक 24 मैचों में 49 छक्के लगाकर तेजी से ऊपर आए हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट के नाम भी 49 छक्के दर्ज हैं.
यदि रोहित शर्मा पांच मैचों की इस वनडे सीरीज के बचे हुए तीन मुकाबलों में 15 छक्के और लगा लेते हैं, तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 100 छक्के (छक्कों का शतक) पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. यह कारनामा क्रिकेट इतिहास के सबसे दुर्लभ और कठिन रिकॉर्ड्स में से एक होगा.
रोहित शर्मा पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज जैसी दुनिया की दो सबसे मजबूत टीमों के खिलाफ 100 से अधिक छक्के लगाने का अद्भुत कारनामा कर चुके हैं. यदि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ भी यह मुकाम हासिल कर लेते हैं, तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास के एकमात्र ऐसे बल्लेबाज बन जाएंगे जिसके नाम तीन अलग-अलग देशों के खिलाफ 100 या उससे अधिक छक्के जड़ने की ऐतिहासिक उपलब्धि होगी.




















































