नई दिल्ली: ज्योतिष के अनुसार पृथ्वी पर जन्म लेते ही व्यक्ति का जुड़ाव नवग्रहों और 27 नक्षत्र से हो जाता है. नवग्रह यानि सूर्य, चंद्रमा, मंगल, बुध, बृहस्पति, शुक्र, शनि और राहु-केतु तमाम तरीके से व्यक्ति के जीवन पर अपना प्रभाव डालते हैं. जिस किसी व्यक्ति की कुंडली में इनके शुभ फल प्राप्त होते हैं, उनका जीवन अनुकूल रहता है, वहीं इनसे जुड़े दोष अक्सर अलग-अलग प्रकार के कष्टों का कारण बनते हैं. नये साल में यदि आप चाहते हैं कि आप पर नवग्रहों की शुभता बनी रहे और वे बली होकर आपको मजबूती और सफलता प्रदान करें तो आपको इनसे जुड़े अन्न का दान और उसका सेवन करना चाहिए. आइए नवग्रहों से जुड़े दान के बारे में विस्तार से जानते हैं.
सूर्य ग्रह का दान
ज्योतिष के अनुसार जिस सूर्य को नवग्रहों का राजा माना गया है, उसके दोष को दूर करने और उसके शुभ फल को पाने के लिए रविवार के दिन गेहूँ और गुड़ दान करना चाहिए तथा इन दोनों से बनी चीजों का सेवन करना चाहिए.
चंद्रमा का दान
ज्योतिष में चंद्र ग्रह को मन और माता का कारक माना जाता है. अगर कुंडली में चंद्र दोष हो तो व्यक्ति को तमाम तरह की चिंताएं घेरे रहती हैं. वह मन से हर समय पीड़ित रहता है. कुंडली के चंद्र दोष को दूर करने के लिए व्यक्ति को सोमवार के दिन चावल और शुद्ध घी का दान करना चाहिए. साथ ही साथ इन दोनों ही चीज को यदि संभव हो तो अपने भोजन में शामिल करना चाहिए.
मंगल ग्रह का दान
ज्योतिष में मंगल ग्रह को नवग्रहों का सेनापति और भूमिपुत्र कहा जाता है. मंगल अगर शुभ हो तो व्यक्ति उर्जावान बना रहता है और उसमें एक अलग ही तेज दिखाई देता है, लेकिन मंगल से जुड़े दोष अक्सर व्यक्ति के लिए तमाम तरह की परेशानियों का कारण बनता है. नये साल में मंगल ग्रह की शुभता को पाने के लिए किसी जरूरतमंद व्यक्ति को मसूर की दाल और गुड़ का दान करें.

























































