नई दिल्ली। भारत में हल्दी वाला दूध (Golden Milk) सदियों से एक पारंपरिक घरेलू नुस्खा माना जाता है। बचपन में गिरने पर लगी अंदरूनी चोट हो, सर्दी-जुकाम हो या शरीर में दर्द होने पर अक्सर सबसे पहले हल्दी वाला दूध पीने की सलाह दी जाती है। आयुर्वेद में भी हल्दी को औषधीय गुणों वाली जड़ी-बूटी माना गया है। आधुनिक विज्ञान के अनुसार, हल्दी में पाया जाने वाला कर्क्यूमिन (Curcumin) एक शक्तिशाली एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट कंपाउंड है, जो शरीर में सूजन कम करने और कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है।
हल्दी वाले दूध को घरेलू नुस्खा क्यों माना जाता है?
हल्दी भारतीय रसोई का एक सामान्य मसाला होने के साथ-साथ आयुर्वेदिक चिकित्सा का महत्वपूर्ण हिस्सा भी है। जब इसे गर्म दूध के साथ लिया जाता है, तो यह शरीर को ऊर्जा, प्रोटीन और कुछ मात्रा में फैट प्रदान करता है। दूध में मौजूद फैट कर्क्यूमिन के अवशोषण (Absorption) को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है, हालांकि कर्क्यूमिन की जैवउपलब्धता (Bioavailability) स्वाभाविक रूप से कम होती है। एनसीबीआई के अनुसार हल्दी वाला दूध कर्क्युमिन की वजह से मुख्य रूप से शरीर में सूजन कम करने, रिकवरी में सहायता करने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को समर्थन देने के उद्देश्य से पिया जाता है।
कर्क्युमिन शरीर में कैसे काम करता है?
- एनसीबीआई के मुताबिक हल्दी का सबसे सक्रिय तत्व Curcumin है। यह शरीर में कई जैविक प्रक्रियाओं को प्रभावित करता है।
- सूजन पैदा करने वाले साइटोकाइन्स (Cytokines) को नियंत्रित करने में मदद करता है।
- फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान को कम कर सकता है।
- सूजन बढ़ाने वाले मार्गों (Inflammatory Pathways) की गतिविधि को कम करने में भूमिका निभाता है।
- शरीर की प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट एंजाइम गतिविधि को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है।
- इसी कारण कर्क्यूमिन पर गठिया, मेटाबॉलिक रोगों और सूजन संबंधी स्थितियों में संभावित लाभों को लेकर व्यापक शोध हो रहा है।
क्या हल्दी वाला दूध अंदरूनी चोट में सचमुच फायदेमंद है?
यदि चोट के कारण मांसपेशियों या मुलायम ऊतकों (Soft Tissue) में हल्की सूजन और दर्द है, तो हल्दी में मौजूद कर्क्यूमिन सूजन कम करने में सहायक हो सकता है। कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि कर्क्यूमिन मांसपेशियों की रिकवरी और व्यायाम के बाद होने वाली सूजन को कम करने में मदद कर सकता है।
हालांकि, यह स्पष्ट रूप से समझना जरूरी है कि हल्दी वाला दूध फ्रैक्चर, गंभीर अंदरूनी रक्तस्राव या गहरी चोट का इलाज नहीं है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
इंफेक्शन में हल्दी वाला दूध कितना असरदार है?
एनसीबीआई के अनुसार में हल्दी में मौजूद कर्क्यूमिन के अंदर एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल और एंटीफंगल गुण देखे गए हैं। यह शरीर की इम्यून प्रतिक्रिया को संतुलित करने में मदद कर सकता है। हालांकि, इंसानों पर उपलब्ध प्रमाण अभी सीमित हैं।
इसका मतलब यह है कि हल्दी वाला दूध सामान्य संक्रमण के दौरान शरीर को सहारा दे सकता है, जो गले की सूजन और अन्य इंफेक्शन में लाभाकरी हो सकता है, लेकिन बैक्टीरियल इंफेक्शन में डॉक्टर द्वारा दी गई एंटीबायोटिक दवाओं का विकल्प नहीं है।
किन लोगों को हल्दी वाला दूध लेते समय सावधानी बरतनी चाहिए?
ब्लड थिनर की दवा लेने वाले मरीज, पित्त की पथरी (Gallstones) वाले लोग, गंभीर लिवर रोग से पीड़ित व्यक्ति, किडनी स्टोन (विशेषकर ऑक्सालेट स्टोन), गर्भावस्था में अधिक मात्रा में हल्दी लेने से बचना चाहिए, सप्लीमेंट लेने वाली महिलाएं और जिन्हें हल्दी से एलर्जी हो उनको हल्दी वाले दूध को लेने से पहले डॉक्टर या आयुर्वेदाचार्य की सलाह लेनी चाहिए।
हल्दी वाला दूध भारतीय परंपरा का एक लोकप्रिय घरेलू नुस्खा है और इसके पीछे कुछ वैज्ञानिक आधार भी मौजूद हैं। हल्दी में पाया जाने वाला कर्क्यूमिन सूजन कम करने, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस घटाने और प्रतिरक्षा प्रणाली को समर्थन देने में मदद कर सकता है। हल्की अंदरूनी चोट या सामान्य रिकवरी के दौरान यह लाभकारी हो सकता है, लेकिन यह गंभीर चोट, फ्रैक्चर या किसी बैक्टीरियल संक्रमण का इलाज नहीं है। इसलिए यदि लक्षण गंभीर हों या लंबे समय तक बने रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेना सबसे सुरक्षित विकल्प है।
























































