राउरकेला। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर बजट में कई अहम और दूरगामी घोषणाएं की हैं। इसका उद्देश्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
स्वास्थ्य सेवा विकास के लिए रिकॉर्ड बजट
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के समग्र विकास के लिए बजट में 23,182 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, चाहे वह शहरी क्षेत्र हो या दूरदराज का ग्रामीण इलाका।
अटल रक्तदान अभियान
स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में अटल रक्तदान अभियान की घोषणा की गई है। इसके तहत स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा दिया जाएगा और राज्य में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। सभी मेडिकल कॉलेजों में रक्त भंडार (ब्लड बैंक) खोलने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तुरंत सहायता मिल सके।
प्रमुख मेडिकल कॉलेजों का विकास
राज्य के प्रतिष्ठित एससीबी मेडिकल कॉलेज, कटक के विकास के लिए 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं बुर्ला मेडिकल कॉलेज और बरहमपुर मेडिकल कॉलेज के लिए 600-600 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इन निवेशों से अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, नए विभाग और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को मजबूती
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 1,958 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं को और गति मिलेगी।
जन आरोग्य और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजनाएं
गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए गोपबंधु जन आरोग्य योजना के तहत 6,309 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज का बोझ कम होगा।वहीं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा मिशन के लिए 5,008 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसका उद्देश्य राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच दोनों को बेहतर बनाना है।
समग्र विकास की दिशा में कदम
कुल मिलाकर यह बजट स्वास्थ्य को राज्य के विकास का आधार बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय परिसरों के विस्तार से जहां युवा पीढ़ी को नए अवसर मिलेंगे, वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में भारी निवेश से आम जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
बजट की 12 प्रमुख घोषणाएं इस प्रकार हैं-
1.सुभद्रा योजना के लिए 10,145 करोड़ रुपये का प्रावधान।
2.गोपबंधु जन स्वास्थ्य योजना के तहत 6,309 करोड़ रुपये आवंटित।
3.मुख्यमंत्री कन्या सुमंगल योजना का शुभारंभ, बेटियों के सशक्तिकरण पर जोर।
4.मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा मिशन के लिए 5,008 करोड़ रुपये।
5.मुख्यमंत्री स्मार्ट योजना हेतु 100 करोड़ रुपये का बजट।
6.मुख्यमंत्री पोषण शक्ति योजना के लिए 732 करोड़ रुपये स्वीकृत।
7.समृद्ध आंगनवाड़ी योजना के तहत 635 करोड़ रुपये का प्रावधान।
8.श्री अन्न योजना को मिले 400 करोड़ रुपये।
9.पर्यटन अवसंरचना विकास के लिए 500 करोड़ रुपये।
10.गोदावरिश मिश्रा आदर्श प्राथमिक विद्यालय योजना के लिए 1,010 करोड़ रुपये।
11.समृद्ध किसान योजना में 6,088 करोड़ रुपये का बजट।
12.अमृत परियोजना योजना के लिए 916 करोड़ रुपये आवंटित।
सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

























































