नई दिल्ली। NEET-UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को होगा. इस परीक्षा में 22.79 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे. 18.5 लाख से ज्यादा उम्मीदवार एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं. 3.5 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा शहर, केंद्र बदलने का विकल्प चुना है. परीक्षा के लिए एनटीए ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसी कड़ी में परीक्षा से एक दिन पहले यानी कि 20 जून को सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक देशव्यापी मॉक ड्रिल होगी.
री-एग्जाम 551 भारतीय शहरों और 14 विदेशी शहरों में होगा. इसके लिए देशभर में 5,500 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्रों को हाई-सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है. 674 सिटी कोऑर्डिनेटर तैनात किए गए हैं. 6,669 स्वतंत्र ऑब्जर्वर निगरानी करेंगे. 2 से 2.5 लाख पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. 15,000 अर्धसैनिक बल कर्मी प्रश्नपत्र और OMR शीट के सुरक्षित परिवहन में लगाए गए हैं.
परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए गए 15,000 सिग्नल जैमर
इसके साथ ही अतिरिक्त 1.5 लाख CCTV कैमरे लगाए गए हैं. 15,000 सिग्नल जैमर परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए गए हैं. सभी केंद्रों की निगरानी NTA मुख्यालय और कंट्रोल रूम से रियल-टाइम में होगी. परीक्षा संचालन में 2 लाख से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल किए गए हैं. उधर, एनटीए ने शुक्रवार को कहा कि वह री-एग्जाम के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के संबंध में मैसेज, ईमेल और व्हॉट्सएप मैसेज भेज रही है. इसके साथ ही छात्रों को धोखाधड़ी वाले संदेशों और फर्जी सूचनाओं से सावधान कर रही है.
परीक्षा को लेकर एनटीए ने क्या कहा?
एनटीए ने एक पोस्ट में कहा कि 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए एसएमएस और ईमेल भेज रहा है. एनटीए कभी भी किसी पेमेंट की मांग नहीं करेगा. अगर आपको ऐसा संदिग्ध मैसेज मिलता है तो उस पर क्लिक न करें. इसकी सूचना दें. बता दें कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए नीट-यूजी परीक्षा इस साल 3 मई को हुई थी. हालांकि, पेपर लीक के आरोपों के कारण 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया था. सीबीआई मौजूदा समय में इस मामले की जांच कर रही है.





























































