नई दिल्ली। आज के दौर में UPI पेमेंट जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई है. इसका हकीकत आप ऐसे लगा सकते हैं कि, सब्जी से लेकर रिक्शे के किराए और ऑनलाइन शॉपिंग सभी में इसका आज इस्तेमाल होने लगा है. आज देश की बड़ी आबादी के पास स्मार्ट फोन है, जिसमें UPI पेमेंट ऐप भी मौजूद रहता है.
इन ऐप्स की मदद से न सिर्फ खुल्ले पैसे की दिक्कत खत्म होती है, बल्कि कैश संभालने की परेशानी भी नहीं होती है. लेकिन कई बार मोबाइल इंटरनेट खत्म होने, नेटवर्क की समस्या आने या स्मार्टफोन उपलब्ध न होने के कारण पेमेंट करने में परेशानी होती है. ऐसे समय में कई लोग सोचते हैं कि बिना इंटरनेट के UPI से पैसे भेजना संभव नहीं है, लेकिन ऐसा नहीं है. आपको जानकर हैरानी होगी कि अब आप बिना इंटरनेट के भी कुछ आसान तरीकों से डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं.
इस कोड को डायल करते ही हो सकेगा पेमेंट
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने बिना इंटरनेट UPI सुविधा के लिए *99# USSD सेवा शुरू की हुई है. इस सुविधा की सबसे खास बात ये है कि इसकी मदद से यूजर मोबाइल नेटवर्क की मदद से UPI से जुड़े काम कर सकते हैं. साथ ही, इसके लिए इंटरनेट की भी जरूरत नहीं होती है, सिर्फ जरूरी है मोबाइल नेटवर्क. इस सेवा का इस्तेमाल सबसे ज्यादा उन लोगों के काम आ सकता है, जिनके पास की-पैड फोन है या फिर स्मार्ट फोन में इंटरनेट खत्म हो गया है. हालांकि, इस सेवा से UPI पेमेंट के लिए आपका मोबाइल नंबर बैंक खाते से लिंक होना चाहिए और आपको अपना UPI PIN याद होना जरूरी है.
कैसे करें बिना इंटरनेट के भुगतान
अगर आपके फोन में इंटरनेट नहीं है या स्मार्ट फोन नहीं है और आपको तुरंत पैसा भेजना है, तो आपको बस कुछ स्टेप्स का फॉलो करना होगा.
- सबसे पहले मोबाइल के डायल पैड में जाकर *99# नंबर डायल करें.
- इसके बाद स्क्रीन पर भाषा चुनने का विकल्प आएगा.
- भाषा चुनने के बाद आपको अपने बैंक की जानकारी देनी होगी.
- बैंक का चयन करने के बाद पैसे भेजने वाले विकल्प को चुनें.
- इसके बाद सामने वाले व्यक्ति की जानकारी दर्ज करें और आखिरी में अपना UPI PIN डालकर ट्रांजैक्शन पूरा करें.
बिना इंटरनेट बस टैप करके होगा पेमेंट
इसके अलावा NPCI बिना इंटरनेट UPI पेमेंट को आसान बनाने की दिशा में नए फीचर पर काम कर रहा है, जिसे Tap To Pay UPI कहा जा रहा है. इस फीचर की मदद से यूजर बिना इंटरनेट के भी PoS मशीन पर फोन टैप करके पेमेंट कर सकेंगे. यह सुविधा NFC (Near Field Communication) तकनीक पर आधारित होगी. इसका फायदा उन जगहों पर मिलेगा जहां इंटरनेट नेटवर्क कमजोर रहता है, जैसे ट्रेन में के दौरान, अंडरग्राउंड मेट्रो या दूर-दराज के इलाकों में. हालांकि इसके लिए यूजर को पहले इंटरनेट से जुड़े रहते हुए कुछ जरूरी काम करने होंगे, तभी इस सुविधा का इस्तेमाल किया जा सकता है.
कैसे काम करेगा नया ऑफलाइन UPI फीचर?
Tap To Pay UPI इस्तेमाल करने के लिए फोन में NFC सपोर्ट होना जरूरी होगा. यूजर को पहले अपने UPI Lite वॉलेट में पैसे लोड करने होंगे. इसके बाद ऑफलाइन पेमेंट के समय सिर्फ NFC वाले फोन को PoS मशीन के पास टैप करना होगा. इस पेमेंट के लिए यूजर को हर बार UPI PIN डालने या इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी. मशीन पेमेंट की जानकारी सुरक्षित तरीके से स्टोर करेगी और जैसे ही फोन या मशीन दोबारा इंटरनेट से जुड़ेगी, ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा.
2000 रुपये तक होगी ऑफलाइन पेमेंट की सीमा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नए ऑफलाइन UPI फीचर में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकतम 2000 रुपये तक का भुगतान किया जा सकेगा. हालांकि, फिलहाल ऑफलाइन भुगतान की सीमा इससे भी कम है, 500 रुपये. NPCI बैंक और UPI ऐप कंपनियों के साथ मिलकर इस सुविधा को बेहतर बनाने पर काम कर रहा है. नया फीचर आने के बाद डिजिटल पेमेंट और ज्यादा आसान हो जाएगा, खासकर उन जगहों पर जहां इंटरनेट की समस्या रहती है.

























































