नई दिल्ली। भारतीय टीम ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में उतरते ही एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है। टी20 इंटरनेशनल में भारत अपना 300वां मैच खेलने उतरा है। इसके साथ ही भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल में 300 या उससे अधिक मैच खेलने वाली दूसरी टीम बन गई है। भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्राइस्टचर्च में दूसरे मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड पाकिस्तान की टीम के नाम है। पाकिस्तान ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में 304 मैच खेले हैं, जबकि भारतीय टीम के नाम अब 300 मैच हो गए हैं। वह पाकिस्तान के बाद 300 या उससे अधिक मैच खेलने वाली दूसरी टीम बनी। न्यूजीलैंड की टीम इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। टीम ने 269 मैच खेले हैं। वेस्टइंडीज ने अब तक 260 और इंग्लैंड ने 233 मुकाबले खेले हैं।
भारतीय टीम ने अब तक 299 मैच खेलते हुए 199 मैचों में जीत हासिल की है और अगर शनिवार को भारतीय टीम जीत हासिल करने में सफल होती है तो वह 200 मैच जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। पाकिस्तान ने 304 मैचों में से 176 में जीत हासिल की है। न्यूजीलैंड ने 135 मैचों में जीत दर्ज की है। वेस्टइंडीज ने 111 और इंग्लैंड ने 128 मैचों में बाजी मारी है।





















































