भुवनेश्वर: बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के पूर्वी तट की ओर बढ़ने के साथ ओडिशा के कुछ हिस्सों में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास पहुंचने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार, तूफान मंगलवार सुबह बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में विशाखापत्तनम से लगभग 260 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था। इसके मंगलवार शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और उसके बाद उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़ने की संभावना है।
भारी बारिश की चेतावनी जारी
तूफान के तट से टकराने के दौरान 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और पवन के झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। ओडिशा में आईएमडी ने पुरी, गजपति, गंजाम, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक और खुर्दा सहित 16 जिलों के लिए सात से 11 सेंटीमीटर बारिश का अनुमान जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा
ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि राज्य स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और संवेदनशील स्थानों पर कर्मियों तथा उपकरणों को तैनात किया गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं, आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने बताया कि राज्य के उत्तरी तटीय जिलों में भारी बारिश की आशंका है। श्रीकाकुलम में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है, जबकि तटीय जिलों में तेज हवाएं चलने लगी हैं।
एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिले में 28 और 29 अक्टूबर को सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश दिए गए हैं। आंध्र के भी कुछ जिलों में स्कूल बंद करने के आदेश दिे गए हैं।
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 28 अक्टूबर से भारी बारिश का अनुमान
भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 28 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में स्थित इस तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्से पर पहुंचने की संभावना है। दक्षिण बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि कोलकाता में अगले 48 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।






















































