नई दिल्ली। हिंदू धर्म के पवित्र ग्रंथों में गरुड़ पुराण का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है. यह ग्रंथ न सिर्फ मृत्यु के पश्चात की यात्रा का वर्णन करता है, बल्कि जीवन को सही ढंग से जीने की कला भी सिखाता है. भगवान विष्णु और उनके वाहन पक्षीराज गरुड़ के बीच हुए संवाद पर आधारित यह पुराण, सुखी और समृद्ध जीवन के लिए एक बेहद जरूरी है. अक्सर ऐसा देखा-सुना जाता है कि लाख कोशिशों के बावजूद भी पैसा टिक नहीं और घर में बराबर कलह इत्यादि होते रहते हैं. परिवार में हमेशा आर्थिक संकट बना रहता है. ऐसे में अगर आप अपने घर में सुख-शांति, समृद्धि और माता लक्ष्मी का आशीर्वाद चाहते हैं, तो गरुड़ पुराण में बताए गए इन नियमों को जीवन का हिस्सा जरूर बनाएं.
रसोई की पवित्रता और अन्न का सम्मान
गरुड़ पुराण के अनुसार, घर की रसोई सिर्फ भोजन पकाने का स्थान नहीं है, बल्कि वह मां अन्नपूर्णा का मंदिर है. समृद्धि के लिए रसोई में बना भोजन सबसे पहले भगवान को अर्पित करना चाहिए. भोजन को भगवान को समर्पित करने से पहले उसे जूठा करना या चखना वर्जित माना गया है. इसके अलावा रात के समय रसोई में जूठे बर्तन छोड़ना या गंदगी रखना दरिद्रता को आमंत्रण देता है. जिस घर की रसोई साफ-सुथरी रहती है, वहां देवी लक्ष्मी और माता अन्नपूर्णा का स्थायी वास होता है.
महिलाओं और बुजुर्गों का आदर
सनातन धर्म में महिलाओं को घर की लक्ष्मी माना गया है और गरुड़ पुराण इस बात की पुष्टि करता है. जिस परिवार में महिलाओं (माता, बहन, पत्नी या पुत्री) को उचित मान-सम्मान और स्नेह मिलता है, वहां खुशहाली और संपन्नता बनी रहती है. जबकि, जहां महिलाओं का अपमान या मानसिक शोषण होता है, वहां से भाग्य और समृद्धि रूठकर चली जाती है. गरुड़ पुराण के अनुसार, पितरों और जीवित बुजुर्गों का अपमान करने वाले व्यक्ति की तरक्की रुक जाती है. बड़ों का आशीर्वाद एक सुरक्षा कवच की तरह है, जिसके बिना कठिन मेहनत का भी पूरा फल प्राप्त नहीं होता.
दान-पुण्य और सेवा भाव
मनुष्य के कर्म ही उसके लोक और परलोक की दिशा तय करते हैं. गरुड़ पुराण में दान-पुण्य को मोक्ष और मानसिक शांति का रास्ता बताया गया है. व्यक्ति को अपनी आमदनी का एक छोटा हिस्सा गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा में लगाना चाहिए. शास्त्र कहते हैं कि निष्काम भाव से किया गया दान हमारे जाने-अनजाने में किए गए पापों के प्रभाव को कम करता है. नियमित रूप से दान करने वाले व्यक्ति के घर के भंडार कभी खाली नहीं होते और उसे आध्यात्मिक संतुष्टि की प्राप्ति होती है.

























































