नई दिल्ली : भारत के खिलाफ गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने इतिहास रच दिया है. टेम्बा बावुमा गुवाहाटी टेस्ट की पहली पारी में 92 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए हैं, लेकिन उन्होंने इस दौरान एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. बता दें कि टेम्बा बावुमा को गुवाहाटी टेस्ट की पहली पारी में रवींद्र जडेजा ने अपना शिकार बनाया है. रवींद्र जडेजा की गेंद पर टेम्बा बावुमा डीप मिड ऑफ की तरफ हवाई शॉट खेल बैठे, जहां तैनात यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन कैच लपक लिया.
टेम्बा बावुमा साउथ अफ्रीका के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में 1000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं. टेम्बा बावुमा ने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है. ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में साउथ अफ्रीका की कप्तानी कुल छह खिलाड़ियों ने की है, लेकिन सिर्फ टेम्बा बावुमा ही 1000 से ज्यादा रन बनाने में कामयाब रहे हैं. टेम्बा बावुमा ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 1000+ रन बनाने वाले दुनिया के कुल नौवें कप्तान हैं.
कप्तान के तौर पर जो रूट टॉप पर काबिज
WTC में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का ओवरऑल रिकॉर्ड इंग्लैंड के महान क्रिकेटर जो रूट के नाम है. जो रूट ने कप्तान के तौर पर 32 WTC मैच खेले और कुल 2835 रन बनाए. जो रूट के बाद श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने, वेस्टइंडीज के क्रेग ब्रैथवेट और इंग्लैंड के बेन स्टोक्स का नंबर आता है. टेम्बा बावुमा, पिछले हफ्ते कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले टेस्ट में हाफ सेंचुरी बनाने वाले दोनों ही टीमों में अकेले बल्लेबाज थे.
टेम्बा बावुमा का प्रचंड रिकॉर्ड
टेम्बा बावुमा ने कप्तान के रूप में अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं हारा है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में, तेम्बा बावुमा एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने 10 से ज्यादा टेस्ट मैचों में कप्तानी करने के बावजूद अभी तक कोई मैच नहीं हारा है. 35 साल के तेम्बा बावुमा ने 28 फरवरी 2023 को सेंचुरियन में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी टेस्ट कप्तानी का डेब्यू किया था. टेम्बा बावुमा गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट की पहली पारी में नंबर 4 पर बैटिंग करने आए और 92 गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हुए. टेम्बा बावुमा ने ट्रिस्टन स्टब्स (112 बॉल पर 49 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़े थे.

























































