नई दिल्ली: कई लोग क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते समय ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनकी वजह से उन्हें भारी ब्याज, पेनाल्टी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार छोटी सी लापरवाही आपका सिबिल स्कोर खराब कर सकती है।
कई लोग पूरा क्रेडिट कार्ड बिल भरने के बजाय सिर्फ मिनिमम अमाउंट चुका देते हैं। इससे आप लेट फीस से तो बच जाते हैं, लेकिन बची हुई रकम पर भारी ब्याज लगना शुरू हो जाता है।
क्रेडिट कार्ड की एक तय सीमा होती है। अगर आप बार-बार पूरी लिमिट खर्च कर देते हैं, तो इससे आपका ‘क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो’ (CUR) बढ़ जाता है। इसका सीधा नुकसान आपके सिबिल (CIBIL) स्कोर को होता है।
यदि आप समय पर क्रेडिट कार्ड का बिल नहीं चुकाते हैं, तो बैंक आपसे भारी जुर्माना और ब्याज वसूलता है। इतना ही नहीं, महज एक या दो बार की देरी भी आपके सिबिल (CIBIL) स्कोर को बिगाड़ सकती है।
कई लोग इमरजेंसी में क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके ATM से कैश निकाल लेते हैं। ध्यान रखें कि यह क्रेडिट कार्ड की सबसे महंगी सुविधाओं में से एक है। कैश निकालते ही तुरंत भारी ब्याज लगना शुरू होता है।
अधिक क्रेडिट कार्ड होने से फिजूलखर्ची बढ़ता है। अलग-अलग कार्ड्स की पेमेंट ड्यू डेट याद रखना मुश्किल होता है। ऐसे में अगर एक भी भुगतान चूका तो आपको भारी पेनाल्टी और ब्याज का नुकसान उठाना पड़ सकता है।

























































