नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित की जाने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) परीक्षा 2026 देरी से शुरू होगी. 30 मई होने वाली सीयूईटी यूजी 2026 के कुछ केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा देरी से शुरू होगी. हालांकि, एजेंसी ने इसकी भी पुष्टि कर दी है कि तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया जा चुका है. साथ ही उम्मीदवारों को आश्वासन दिया है कि उन्हें एग्जाम देने का पूरा समय दिया जाएगा जिससे किसी भी छात्र को कोई असुविधा न हो. लगातार एनटीए की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. परीक्षा में देरी होने की वजह से एक बार फिर एजेंसी सुर्खियों में है.
कितने बजे होगी सीयूईटी यूजी की परीक्षा?
एनटीए की संशोधित व्यवस्था के तहत दोपहर के सत्र के लिए निर्धारित उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति दोपहर 2:30 बजे से दी जाएगी. जबकि, पहले से निर्धारित परीक्षा के समय में बदलाव हुआ है जिसे 3 बजे की जगह शाम 4 बजे कर दिया गया है. सीयूटी यूजी परीक्षा अब शनिवार को शाम 4 बजे आयोजित की जाएगी. एनटीए की ओर से नए समय को जारी करने के बाद राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए छात्रों और उनके अभिभावकों को लेकर चिंता जताई है.
शिक्षा व्यवस्था पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल!
CUET UG परीक्षा में कुछ केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी सामने आने के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्र सरकार और परीक्षा प्रणाली को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने NEET, CBSE, SSC और CUET जैसी प्रमुख परीक्षाओं के संचालन पर चिंता जताई.
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा ‘ NEET, CBSE, SSC और अब CUET… चार बड़ी परीक्षाएं, एक करोड़ से अधिक छात्र, लेकिन एक भी परीक्षा ऐसी नहीं जिसे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ आयोजित किया गया हो. देश को “विश्वगुरु” बनाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि छात्रों के भविष्य से जुड़ी परीक्षाएं भी निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से नहीं कराई जा रही हैं. शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने लाखों युवाओं और उनके परिवारों की चिंताएं बढ़ा दी हैं. जिस पीढ़ी के सपनों और भविष्य पर इसका असर पड़ रहा है, वही पीढ़ी आने वाले समय में जवाब भी मांगेगी.’
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले 24 मई 2026 को सरकार द्वारा घोषित ईद की छुट्टी की संशोधित तिथि को देखते हुए एनटीए ने 28 मई 2026 को होने वाली सीयूईटी यूजी 2026 की परीक्षाओं को पोस्टपोन कर दिया था. इसके बाद 31 मई, 6 जून और 7 जून को सीईयूटी यूजी परीक्षा आयोजित होगी..

























































