नई दिल्ली। आज 5 जून यानी विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण के क्षेत्र में भारत की बड़ी कामयाबियों को सामने रखा है. अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के मामले में दुनिया भर में अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है. उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएम मोदी ने पर्यावरण की रक्षा को सिर्फ कागजी काम नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन और वैश्विक अभियान बना दिया है.
‘एक पेड़ मां के नाम’
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार का मुख्य फोकस इस बात पर है कि देश का आर्थिक विकास भी हो और हमारी प्रकृति को भी नुकसान न पहुंचे. आज ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी भावुक और जमीनी मुहिम और ‘मिशन लाइफ’ के जरिए देश के हर आम नागरिक को पर्यावरण संरक्षण का भागीदार बनाया जा रहा है.
सरकार के ये कदम न सिर्फ जलवायु परिवर्तन से निपटने में मददगार साबित हो रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और हरा-भरा भविष्य भी तैयार कर रहे हैं.
रिन्यूएबल एनर्जी और वन क्षेत्र में भारत का दुनिया में दबदबा
गृह मंत्री ने देश की तीन सबसे बड़ी पर्यावरण उपलब्धियों का जिक्र किया, जो आज हर भारतीय को गर्व करने का मौका देती हैं.
ग्रीन एनर्जी में टॉप-3: भारत आज रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) की क्षमता के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन चुका है. सौर ऊर्जा (सोलर पावर) को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर काम चल रहा है.
नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन: प्रदूषण कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए देश तेजी से आगे बढ़ रहा है. साल 2030 तक हर साल 5 मिलियन मीट्रिक टन ग्रीन हाइड्रोजन बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जो हमारी ऊर्जा सुरक्षा को पूरी तरह बदल देगा.
जंगलों का दायरा बढ़ाने में आगे: भारत हर साल अपने नेट वन क्षेत्र (फॉरेस्ट कवर) को बढ़ाने के मामले में भी दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल है, जो पर्यावरण संतुलन के लिए बहुत बड़ी बात है.





























































