देहरादून : उत्तराखंड में भी एसआईआर को लेकर कांग्रेस मुखर हो गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि विशेष वोटर पुनरीक्षण-एसआईआर की प्रक्रिया यदि ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ की जाती है तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगी। यदि एक भी पात्र व्यक्ति का नाम काटा गया या समुदाय विशेष के लोगों के वोट साजिशन काटे गए तो कांग्रेस किसी को नहीं छोड़ेगी।
शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया कर्मियों से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस एसआईआर का विरेाध नहीं करती। डर है तो केवल यह कि केंद्र और भाजपा सरकारें चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी की साजिश रच सकती है। इसलिए कांग्रेस इस पूरी प्रक्रिया का खुद भी बारीकी से निगरानी करेगी। जनवरी 2026 तक पार्टी प्रत्येक बूथ पर एक बीएलए नियुक्त करते हुए उनकी सूची निर्वाचन आयोग को भी सौंप देगी। इस बाबत सभी जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों को निर्देश भी दे दिए गए हैं।
गोदियाल ने कहा कि रैली के बाद प्रदेश में सरकार की जनविरेाधी नीति के खिलाफ व्यापक अभियान भी चलाया जाएगा। वो खुद प्रदेश के भ्रमण पर निकलने जा रहा है। लोगों के बीच सरकार को बेनकाब करते हुए बताया जाएगा कि किस प्रकार धर्म के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है। राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक पूर्व विधायक राजकुमार ने ली। राजकुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण लोग समस्याओं से जूझ रहे हैं। आज संवैधानिक संस्थाओं को खत्म किया जा रहा है। लगातार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
वोट चोरी गद्दी छोड़ रैली को रवाना हुए कांग्रेसी
रविवार को दिल्ली में होने वाले वोट चोर गद्दी छोड़ रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता भी दिल्ली रवाना होना शुरू हो गए। प्रदेश कई हिस्सों से कांग्रेसी अपने समर्थकों के साथ दिल्ली कूच कर गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि दून, हरिद्वार आदि निकटवर्ती क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। उन्होंने दावा किया इस रैली में उत्तराखंड की भागीदारी भी ऐतिहासिक रहेगी।

























































