पुरी। नशे और अवैध कफ सिरप के कारोबार के खिलाफ पुरी पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 650 बोतल प्रतिबंधित एस्कफ कफ सिरप जब्त की है। सत्यवादी और कुम्भारपड़ा थाना क्षेत्र में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कफ सिरप नशे के लिए अवैध रूप से बेचा जा रहा था।
तेज रफ्तार बाइक से पकड़ा गया तस्कर
सत्यवादी थाना क्षेत्र में 18 जनवरी को पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान पटनायक चौक के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार पर संदेह हुआ। पुलिस ने पीछा कर बराल चौक के पास उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी राजेन्द्र जेना (43) के पास से बैग में रखी दो कार्टन में ESKUF कफ सिरप की 280 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने उसकी बाइक, एक मोबाइल फोन और 320 रुपए नकद भी जब्त किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पकड़ में आने पर पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की और भागने का प्रयास किया। पूछताछ में उसने नशे के आदी लोगों को अवैध रूप से कफ सिरप बेचने की बात कबूल की। इस मामले में सत्यवादी थाने में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सूचना पर छापेमारी, दो और आरोपी दबोचे
वहीं, 19 जनवरी को कुम्भारपड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आबकाश लेन इलाके में छापेमारी कर रमा उर्फ प्रभात जेना (34) और प्रताप कुमार हाती (43) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 370 बोतल ESKUF कफ सिरप, दो मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी संगठित तरीके से कफ सिरप में मिलावट कर उसे नशेड़ियों को बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
पुराने मामलों में भी रहा है शामिल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रमा उर्फ प्रभात जेना पहले भी ड्रग्स और मिलावटी दवाओं से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कुम्भारपाड़ा और टाउन थाने में पूर्व में कई केस दर्ज हैं।
पुलिस की जनता से अपील
पुरी पुलिस ने साफ किया है कि ‘ऑपरेशन चक्र’ के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब, ड्रग्स या कफ सिरप की बिक्री से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत 112 पर साझा करें।

























































