भुवनेश्वर। पवित्र माघ पूर्णिमा एवं संत गुरु रविदास जी की जयंती के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज प्रस्तुत ‘केंद्रीय बजट 2026-27’ का स्वागत करते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि यह बजट केवल एक आर्थिक दस्तावेज नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक दूरदर्शी रोडमैप है।
मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि समावेशी अर्थव्यवस्था की परिकल्पना के साथ यह बजट युवाओं के लिए असीम अवसर, किसानों के लिए सुरक्षा कवच, मध्यम वर्ग के लिए राहत तथा उद्यमियों के लिए प्रोत्साहन का एक नया वातावरण तैयार करता है।
उन्होंने कहा कि ‘विकास के साथ विरासत’ के मंत्र को आधार बनाकर यह बजट नवाचार, उत्पादन और ज्ञान परंपरा के बीच एक अद्भुत संतुलन स्थापित करने में सफल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा की प्रगति के लिए इस बजट में विशेष ध्यान दिया गया है, जो राज्य के आर्थिक कायाकल्प में एक मील का पत्थर साबित होगा। विशेष रूप से ‘रेयर अर्थ कॉरिडोर’ की स्थापना से राज्य में खनिज प्रसंस्करण और उच्च-प्रौद्योगिकी औद्योगीकरण को नई गति मिलेगी।
इसके अलावा राष्ट्रीय जलमार्ग-5 की कार्यक्षमता से औद्योगिक क्षेत्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क और सशक्त होगा, जिससे किफायती और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित होगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर सृजित होंगे।
साथ ही, पूर्वी घाट की जैव विविधता को केंद्र में रखकर प्रस्तावित ‘टर्टल ट्रेल’ और पर्वतारोहण आधारित पर्यटन पहलें ओडिशा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख आकर्षण के रूप में स्थापित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय और समन्वित विकास के इस महायज्ञ में एमएसएमई और स्टार्ट-अप्स को दिया गया महत्व ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को और मजबूत करेगा।
सुशासन और सतत विकास के इस समन्वित प्रयास के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा इस जनकल्याणकारी बजट के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को हार्दिक धन्यवाद दिया।

























































