भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस ने राज्य के दो और जिलों बलांगीर और बरगढ़ को ‘माओवादियों से मुक्त’ घोषित किया है। अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों जिलों में लगातार अभियान के बाद केवल 15 माओवादी सक्रिय रह गए थे, जिन्होंने छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद यह घोषणा की गई।
माओवादियों से मुक्त जिलों की संख्या बढ़कर हुई सात
पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने कहा कि निरंतर चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियानों के तहत यह उपलब्धि महत्वपूर्ण है। राज्य में माओवादियों से मुक्त जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
ओडिशा में अब करीब 25 माओवादी सक्रिय
ये जिले हैं-नुआपड़ा, नबरंगपुर, कोरापुट, मलकानगिरी, बौध, बलांगीर और बरगढ़। अधिकारियों के अनुसार, ओडिशा में अब लगभग 25 माओवादी ही सक्रिय बचे हैं। अभी राज्य के कंधमाल, रायगड़ा और कालाहांडी जिलों में अभी माओवादी गतिविधियां जारी हैं।

























































