भुवनेश्वर। ओडिशा में राज्यसभा की चार सीट पर चुनाव 16 मार्च को चुनाव होगा। चुनाव के लिए पर्चा दाखिला यानी नामांकन के लिए गुरुवार आखिरी दिन था। ऐसे में इन चार सीटों के लिए पांच उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। सीट संख्या के हिसाब से चार सीट में से दो सीट भाजपा के लिए एवं एक सीट बीजद के लिए कन्फर्म है।
हालांकि, चौथी सीट किसी भी एक पार्टी के अकेले खाते में नहीं जा रही है, ऐसे में इस चौथी सीट पर निर्दलीय के तौर पर पूर्व केन्द्र मंत्री दिलीप रे अपनी किश्मत आजमा रहे हैं, जिन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त हैं, वहीं बीजद ने चौथी सीट के लिए डॉ. दत्तेश्वर होता को उम्मीदवार बनाया है, जिन्हें कांग्रेस ने भी समर्थन किया है।ऐसे में ओडिशा में राज्यसभा के चौथे सीट की लड़ाई दिलचस्प हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा उम्मीदवार के लिए पर्चा दाखिला के आखिरी दिन चार सीट पर पांच उम्मीदवार नामांकन भरे हैं। प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार को भाजपा ने अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है जबकि भाजपा के समर्थित उम्मीदवार के तौर पर दिलीप रे ने नामांकन किया है।
इसी तरह बीजद के आधिकारिक उम्मीदवार के तौर पर संतृप्त मिश्र ने अपना नामांकन किया है, जबकि बीजद एवं कांग्रेस के समर्थित उम्मीदवार के तौर पर डॉ.दत्तेश्वर होता ने अपना नामांकन भरा है।
नामांकन के दिन दिखी शक्ति प्रदर्शन एवं गठजोड़ की नई रणनीति
राज्यसभा चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन शक्ति प्रदर्शन के साथ गठजोड़ की नई रणनीति देखने को मिली है। कभी एक दुसरे के धूर विरोधी रहने वाली बीजद एवं कांग्रेस एक साथ नजर आए और चौथे उम्मीदवार के समर्थन में नामांकन के दौरान बीजद की तरफ से जहां खुद बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक और कांग्रेस की तरफ से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास मौजूद रहे।
इन दोनों ही धूर विरोधी पार्टी के शीर्ष नेताओं के एक साथ आने के बाद प्रदेश की राजनीति में गठजोड़ की नई राजनीति की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। वहीं दुसरी तरफ भाजपा की तरफ से नामांकन के दौरान खुद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी एवं प्रदेश प्रभारी की उपस्थित रहे।
जिन्हें राज्यसभा जाना तय माना जा रहा है। इसके साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि ओडिशा में चौथी राज्यसभा सीट पर कांटे की टक्कर होगी और चुनाव जीतने के लिए वह सब कुछ किया जाएगा, जो किया जा सकता है।
ओडिशा में होने वाले राज्यसभा चुनाव के संचालन के लिए भारतीय चुनाव आयोग ने ओडिशा विधानसभा के सचिव सत्यव्रत राउत को रिटर्निंग ऑफिसर और संयुक्त सचिव विद्याधर माझी को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है।

























































