भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कटक जिले के कांटापड़ा तहसीलदार प्रसन्न सामंत राय को गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस की जांच में उनके पास आय के ज्ञात स्रोत से कहीं अधिक संपत्ति मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने प्रसन्न सामंतराय के ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें उनके पास दो बहुमंजिला इमारतें, भुवनेश्वर में सात महंगे प्लॉट और करीब 2.17 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान वे इन संपत्तियों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
इस मामले में कटक विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत केस नंबर 12/2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तहसीलदार को आज विशेष विजिलेंस न्यायाधीश, कटक की अदालत में पेश किया गया। विजिलेंस विभाग के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।

























































