अनुगुल। ओडिशा में चुनावी प्रक्रिया को लेकर एक गंभीर साइबर खतरा सामने आया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने आधिकारिक पोर्टल की नकल कर बनाई गई फर्जी वेबसाइट www.ceoodisha.com को लेकर जनता को सतर्क किया है।
विभाग ने साफ किया है कि यह वेबसाइट पूरी तरह अप्रामाणिक है और इसके माध्यम से भ्रामक एवं गलत सूचनाएं फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त फर्जी वेबसाइट ने आधिकारिक पोर्टल https://ceoodisha.nic.in के डिजाइन व सामग्री की नकल कर मतदाताओं और अन्य हितधारकों को भ्रमित करने की कोशिश की है। इससे चुनावी सूचनाओं की विश्वसनीयता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
सीईओ कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक परामर्श में स्पष्ट किया गया है कि चुनाव संबंधी सभी सूचनाओं और सेवाओं के लिए https://ceoodisha.nic.in ही एकमात्र अधिकृत वेबसाइट है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अपील
नागरिकों, मीडिया संस्थानों और अन्य संबंधित पक्षों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अन्य वेबसाइट या प्लेटफॉर्म पर भरोसा न करें, जो मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता हो।
इधर, मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने वाली है। ऐसे संवेदनशील समय में गलत सूचना फैलने से मतदाताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और संशोधन अभियान के सुचारु संचालन में बाधा आ सकती है।
विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, चुनाव संबंधी जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से ही सत्यापित करें तथा किसी भी संदिग्ध या भ्रामक सामग्री की सूचना तुरंत मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को दें। लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया गया है।

























































