भुवनेश्वर। पुरी में आगामी रथयात्रा से पहले रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण कार्य को पूरा करने की तैयारी तेज कर दी गई है।तीर्थयात्रियों का स्वागत नए रूप में सजे स्टेशन पर करने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।
स्टेशन भवन का निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है, जबकि प्लेटफॉर्म के नवीनीकरण और बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य तेजी से जारी है।
पूर्वतट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल ने रेल सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओडिशा में चल रहे रेल लाइन निर्माण कार्यों में तेजी आई है और दिसंबर 2026 तक खुर्दा रोड–बलांगीर रेल लाइन को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस परियोजना के तहत सभी 7 सुरंगों का निर्माण पूरा हो चुका है और वायाडक्ट का काम अंतिम चरण में है।उन्होंने यह भी कहा कि भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन का कार्य भी तेजी से प्रगति कर रहा है।
माल परिवहन में रिकॉर्ड
महाप्रबंधक ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में पूर्वतट रेलवे ने भारतीय रेल में माल परिवहन के क्षेत्र में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी है।इस दौरान कुल 544.82 मिलियन टन माल (लोडिंग व अनलोडिंग मिलाकर) का परिवहन किया गया, जिससे 32,766 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
केवल माल परिवहन से 29,456 करोड़ रुपये की कमाई हुई। लगातार 7वीं बार 200 मिलियन टन से अधिक लोडिंग का आंकड़ा पार किया गया और 9वें वर्ष भी सर्वाधिक लोडिंग का रिकॉर्ड कायम रहा।
इस वर्ष 286.26 मिलियन टन माल लोडिंग हुई, जो पिछले वर्ष से 27 मिलियन टन अधिक है। वहीं अनलोडिंग 258.56 मिलियन टन रही, जो 2024–25 की तुलना में 21.88 मिलियन टन ज्यादा है।
यात्री सेवाओं में भी बढ़ोतरी
महाप्रबंध ने कहा कि यात्री परिवहन की बात करें तो 2025–26 में 97.64 मिलियन यात्रियों ने पूर्वतट रेलवे की सेवाएं लीं, जिससे 2,536.44 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
पिछले वर्ष यह संख्या 93.52 मिलियन यात्री और 2,371.09 करोड़ रुपये थी। इस दौरान 1,598 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया और 18 ट्रेनों में 21 कोच के साथ स्थायी एलएचबी कोच लगाए गए।
बुनियादी ढांचे का विस्तार
वित्तीय वर्ष 2025–26 में 108.28 किलोमीटर नई लाइन और मल्टी-ट्रैकिंग का कार्य पूरा हुआ।536.545 किमी सुरक्षा बाड़, 25 लेवल क्रॉसिंग समाप्त, 22 आरओबी और 77 एलएचएस का निर्माण, 567.81 किमी ट्रैक का नवीनीकरण किया गया है।
इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए 15 लिफ्ट और 4 एस्केलेटर, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 4 स्टेशनों का पुनर्विकास, 20 फुट ओवरब्रिज, 38 स्टेशनों पर अतिरिक्त शेड, 1,073 बेंच उपलब्ध कराए गए हैं।
इसी तरह से दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिनमें रैंप, शौचालय और सुलभ प्लेटफॉर्म शामिल हैं।सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 166 सोलर आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं और जून 2026 तक इनकी संख्या बढ़ाकर 2,500 से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है।

























































