भुवनेश्वर। ओडिशा के कोरापुट जिले में शनिवार देर रात आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 11:31 बजे 4.4 तीव्रता का मध्यम दर्जे का भूकंप महसूस किया गया। अचानक तेज आवाज के साथ धरती हिलने लगी, जिससे लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप का असर कोरापुट जिले के कई इलाकों में देखा गया। सुनाबेड़ा, सेमिलिगुड़ा, पटांगी, नंदपुर, दामनजोड़ी, लम्तापुट, जयपुर और बैपारीगुड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में कुछ सेकंड तक इमारतें और घरों के सामान हिलते रहे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि फिलहाल कहीं से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।
आंध्र प्रदेश तक महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके ओडिशा के अलावा आंध्र प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी महसूस किए गए। अराकू, पाडेरू, पेडाबायालु और हुकुमपेटा क्षेत्रों के लोगों ने भी कंपन का अनुभव किया। इससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यहां था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र सुनाबेड़ा से करीब 33 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित था। इसकी गहराई जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे बताई गई है, जिसके कारण झटके आसपास के इलाकों में स्पष्ट रूप से महसूस किए गए।
लोगों में दहशत, रातभर सतर्कता
अचानक आए भूकंप के कारण लोग काफी देर तक घरों के बाहर ही रहे। कई जगहों पर लोग एक-दूसरे से जानकारी लेते नजर आए। हालांकि, प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के मध्यम तीव्रता के भूकंप आमतौर पर बड़े नुकसान का कारण नहीं बनते, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है।

























































