मुंबई । मुंबई इंडियंस (MI) के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने IPL में विराट कोहली के एक प्रचंड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. IPL के इतिहास में ये ऐतिहासिक कारनाम सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी जैसे बल्लेबाज भी नहीं कर पाए हैं. बता दें कि मुंबई इंडियंस (MI) को वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को खेले गए IPL मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 18 रन से हरा दिया. इस मैच में अहम मोड़ पर मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व कप्तान और विस्फोटक ओपनर रोहित शर्मा रिटायर्ड हर्ट हो गए. रोहित शर्मा 13 गेंदों में 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए.
रोहित ने की विराट के प्रचंड रिकॉर्ड की बराबरी
दरअसल, रोहित शर्मा ने एक ही फ्रेंचाइजी के लिए 6000 या उससे ज्यादा IPL रन बनाने के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली है. एक ही फ्रेंचाइजी के लिए 6000 या उससे ज्यादा रन बनाने का कमाल महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज बल्लेबाज भी नहीं कर पाए हैं. रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस (MI) की तरफ से खेलते हुए IPL में 6 हजार रन पूरे कर लिए हैं. रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस (MI) के लिए अभी तक 231 मैचों में 29.76 की औसत और 132.82 की स्ट्राइक रेट से 6013 रन बनाए हैं. हिटमैन ने इस दौरान मुंबई इंडियंस के लिए 40 अर्धशतक और दो शतक भी लगाए हैं.
रोहित शर्मा से आगे सिर्फ विराट कोहली
एक फ्रेंचाइजी की तरफ से सबसे ज्यादा IPL रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर मौजूद हैं. इस लिस्ट में रोहित शर्मा से आगे सिर्फ विराट कोहली हैं. एक फ्रेंचाइजी की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर विराट कोहली हैं. विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए 8,840 रन बनाए हैं. मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से खेलते हुए IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है. रोहित शर्मा के बाद मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन (3809) सूर्यकुमार यादव के नाम हैं.
धोनी ने CSK के लिए 4,865 रन बनाए
विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर महेंद्र सिंह धोनी का नाम है. महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से खेलते हुए 4,865 रन बनाए हैं. वहीं, सुरेश रैना ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए 4,687 रन बनाए हैं. रोहित शर्मा को हाल ही में मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से खेलते हुए 15 साल पूरे हुए हैं. अपनी कप्तानी में रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस (MI) को पांच बार IPL चैंपियन बना चुके हैं.

























































