नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के आगाज से पहले चर्चा थी कि इस बार मुंबई इंडियंस गर्दा उड़ा देगी. नीता अंबानी की इस टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड और क्विंटन डी कॉक जैसे खूंखार बल्लेबाजों को अपने साथ जोड़ा था. टीम में रोहित शर्मा से लेकर जसप्रीत बुमराह तक एक से बढ़कर एक धुरंधर थे. लेकिन जब ये टीम मैदान पर उतरी, तो बुरी तरह फ्लॉप हुई. सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज रन नहीं बना पा रहे. यही वजह है कि वो पहले 7 मैचों में से 5 हार चुकी है. 23 अप्रैल को उसे अपने घर में चेन्नई के खिलाफ 103 रनों से इतिहास की सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी.
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में यह टीम बार-बार फ्लॉप हो रही है. पिछले तीन सीजनों से हार्दिक टीम की कमान संभाल रहे हैं, लेकिन टीम एक बार भी फाइनल तक का सफर तय नहीं कर पाई है. खराब प्रदर्शन और बढ़ते दबाव के बीच अब कप्तानी में बदलाव की मांग तेज हो गई है. सोशल मीडिया पर हार्दिक को कप्तानी से हटाने की मांग तेज है. अब अगर टीम मैनेजमेंट हार्दिक को हटाने का फैसला लेता है, तो उनकी जगह कौन नया लीडर बनेगा? आइए उन 4 खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं जो कप्तानी की रेस में सबसे आगे हैं.
हार्दिक पांड्या की जगह लेने के लिए 4 दावेदार
रोहित शर्मा
मुंबई के पास इस लीग के सबसे सफल कप्तानों में शुमार रोहित शर्मा हैं. उन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई को 5 खिताब दिलाए थे. वो इस टीम के सबसे सफल बल्लेबाज भी हैं. भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2024 जिताने वाले रोहित के पास दबाव झेलने की अद्भुत क्षमता है. अगर मैनेजमेंट ‘सेफ और विनिंग’ विकल्प चाहता है, तो रोहित से बेहतर कोई दूसरा खिलाड़ी नहीं हो सकता.
सूर्यकुमार यादव
मिस्टर 360 डिग्री के नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप 2026 का खिताब दिला चुके हैं. पिछले कई सालों से मुंबई के लिए अहम बल्लेबाज हैं. भले ही आईपीएल 2026 में उनका बल्ला थोड़ा खामोश हो, लेकिन एक रणनीतिकार के तौर पर उनकी साख बहुत ऊंची है. वे टीम के उप-कप्तान भी हैं, जो उन्हें स्वाभाविक उत्तराधिकारी बनाता है.
जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह 2013 से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं. इस लीग में उनके पास 152 मैचों में 185 विकेट लेने का अनुभव भी है. दाएं हाथ के ये दिग्गज गेंदबाज न केवल टीम के सीनियर खिलाड़ी हैं, बल्कि वो गेम की गहरी समझ भी रखते हैं. बुमराह भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी कर चुके हैं. पैट कमिंस की तरह एक गेंदबाज कप्तान के रूप में बुमराह मुंबई की किस्मत बदलने का दम रखते हैं.
मिचेल सैंटनर
न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर इस रेस में एक ‘सरप्राइज’ नाम हो सकते हैं. सैंटनर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कप्तानी से सबको प्रभावित किया है. उनकी अगुआई में ही कीवी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल तक पहुंची थी. उनका शांत स्वभाव और स्पिनर्स को इस्तेमाल करने की कला मुंबई के गिरते ग्राफ को रोकने में गेम-चेंजर साबित हो सकती है. विदेशी कप्तान के विकल्प के तौर पर सैंटनर को कमान दी जा सकती है.

























































