भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का असर अब उत्तरी ओडिशा में साफ नजर आने लगा है। टाटा पावर नॉर्दर्न ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीएनओडीएल) के क्षेत्र में हजारों उपभोक्ता रूफटॉप सोलर अपनाकर अपने बिजली बिल में भारी कमी ला रहे हैं।
ताजा बिलिंग चक्र के अनुसार, 6302 से अधिक उपभोक्ताओं को पिछले महीने जीरो-यूनिट बिजली बिल मिला। वहीं, आधे से ज्यादा उपभोक्ताओं के मासिक बिल में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी ने यूटिलिटी-लेड एग्रीगेशन (यूएलए) मॉडल के तहत खासकर ग्रामीण इलाकों में सोलर इंस्टॉलेशन को तेजी दी है, जिसका फायदा गर्मियों में ज्यादा देखने को मिल रहा है।
47 मेगावाट से अधिक रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित
अब तक टीपीएनओडीएल ने अपने क्षेत्र में 47 मेगावाट से अधिक रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित कराई है। 22 हजार से ज्यादा उपभोक्ता इस योजना और यूएलए मॉडल से जुड़ चुके हैं। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो बालेश्वर में 8127, मयूरभंज में 4676, जाजपुर में 3573, केन्दुझर में 2900 और भद्रक में 2751 उपभोक्ताओं ने सोलर अपनाया है।
योजना का फायदा आम लोगों के जीवन में भी दिख रहा है। भद्रक के धामनगर की रंभामणि सेठी ने बताया कि 1 किलोवाट सोलर सिस्टम लगाने के बाद लगातार दो महीने से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है। वहीं, केन्दुझर के घाटगांव की सबिता पलेई का बिल 1200-1500 रुपये से घटकर महज 150-200 रुपये रह गया है।
नजदीकी बिजली कार्यालय से संपर्क करें
टीपीएनओडीएल का कहना है कि वह सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे योजना का लाभ उठाने के लिए नजदीकी बिजली कार्यालय से संपर्क करें या हेल्पलाइन 1800-3456-718 और 1912 पर कॉल करें।
























































