नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन हमेशा वैभव सूर्यवंशी के नाम से याद किया जाएगा. 15 साल के ‘दबंग’ बल्लेबाज ने पूरे सीजन बल्ले से तबाही मचाकर करोड़ों फैंस को अपना दीवाना बना दिया. भले ही वैभव ट्रॉफी को हाथ नहीं लगा सके, लेकिन उन्होंने फैंस की दिलों को छू लिया. शुक्रवार, 29 मई को दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस से हारकर राजस्थान रॉयल्स टूर्नामेंट से बाहर हो गई.
अब वैभव सूर्यवंशी खिताब तो नहीं जीत सकेंगे, लेकिन उनके लाखों प्रशंसक चाहते हैं कि ऑरेंज कैप का ताज उनके सिर पर ही सजे. IPL 2026 में वैभव ने 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.31 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए हैं. फिलहाल उन्होंने ऑरेंज कैप पर कब्जा कर रखा है, लेकिन शुभमन गिल और साई सुदर्शन से उनके ताज को खतरा है.
RCB जीती तो वैभव की ऑरेंज कैप पक्की!
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप का खिताब जीतेंगे या नहीं इसका फैसला फाइनल मैच के बाद ही हो पाएगा. इस बीच एक गजब का समीकरण निकलकर आया है. वैभव सूर्यवंशी और ऑरेंज कैप के बीच शुभमन गिल और साई सुदर्शन खड़े हैं. सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में शुभमन 722 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं, वहीं सुदर्शन 710 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं. कुल मिलाकर देखें तो वैभव सूर्यवंशी के तमाम फैंस यही दुआ करेंगे कि फाइनल मुकाबले में शुभमन-सुदर्शन फेल हो जाएं. यदि ऐसा होता है तभी सूर्यवंशी ऑरेंज कैप जीत पाएंगे. इसका मतलब साफ है कि वैभव सूर्यवंशी के ऑरेंज कैप जीतने का कनेक्शन RCB के चैंपियन बनने से है.
शुभमन-सुदर्शन पर टिकी है गुजरात टाइटंस
अगर फाइनल में शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी फ्लॉप होती है तो RCB के जीतने चांस लगभग 80 प्रतिशत हो जाएगा. अभी तक के आंकड़ों को देखेंगे तो गुजरात टाइटंस की तरफ से करीब 50 प्रतिशत रन यही दोनों बल्लेबाज बनाते हैं. दोनों के अलावा नंबर-3 पर जोस बटलर का भी योगदान रहता है. अगर शुभमन-सुदर्शन फाइनल में जल्दी आउट हो जाएंगे तो ऑरेंज कैप का ताज भी वैभव सूर्यवंशी के सिर पर सजेगा, वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी लगातार दूसरी बार चैंपियन बन सकती है.
हेड टू हेड रिकॉर्ड में कौन आगे?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अभी तक 9 मुकाबले हुए हैं. 5 मैचों में RCB ने बाजी मारी है, वहीं 4 मुकाबले GT के नाम रहे हैं. इन 9 में से 9 मैचों में उस टीम को जीत मिली है, जिसने लक्ष्य का पीछा किया है. इस सीजन की बात करें तो दोनों टीमें 3 बार आमने-सामने हुईं हैं. ग्रुप स्टेज में हिसाब 1-1 की बराबरी पर रहा, जबकि क्वालिफायर 1 में आरसीबी ने जीत हासिल की.
























































