नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ (Nasha Mukta Yuva for Viksit Bharat Sankalp Abhiyaan) का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य देशभर के युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट कर ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, नशा मुक्ति अभियान का उद्देश्य है कि युवा नशे से दूर रहें। विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा जरूरी। युवा तन-मन से स्वस्थ हों। ये अभियान राष्ट्र के लिए है। नशे के खिलाफ युवा संकल्प लें। शुभ संकल्प और अभियान के लिए युवा सामने आएं। आप सभी से आग्रह है कि आप सब इस बडे़ मूवमेंट के लीडर हैं, आपने मेरे विश्वास को और मजबूत किया है।
यह अभियान ‘जन भागीदारी आंदोलन’ के रूप में शुरू किया गया, जिसका नेतृत्व MY Bharat के युवा स्वयंसेवकों ने किया। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक बदलाव का वाहक बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम के दौरान युवाओं से अपील करेंगे कि वे अपने समाज में नशा विरोधी अभियान के ब्रांड एंबेसडर बनें और दूसरों को भी इस मुहिम से जोड़ें।
10 हजार स्थानों पर एक साथ होगा आयोजन
अभियान की शुरुआत के साथ ही देशभर के करीब 10,000 स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 1 करोड़ (10 मिलियन) से अधिक युवा नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया। हर रविवार को जागरूकता कार्यक्रम होंगे। सरकार के अनुसार, इस अभियान के तहत हर रविवार देशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, योग और ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, कला एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, चर्चा और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल हैं।
बेहतरीन योगदान देने वालों को मिलेगा सम्मान
अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस अभियान का मूल संदेश है—”नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।” इस जन आंदोलन के जरिए युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

























































