नई दिल्ली। आजकल के डिजिटल दौर में स्कैम और संदिग्ध कॉल्स काफी ज्यादा बढ़ती जा रही हैं. कई मोबाइल यूजर इन कॉल्स और मैसेज्स से परेशान रहते हैं. कुछ यूजर्स इन नंबरों को ब्लॉक करते हैं, लेकिन फिर दूसरे नंबर से कॉल-मैसेज आना शुरू हो जाता है. अगर आप भी ऐसी ही स्थिति से परेशान हैं तो यह खबर आपके लिए ही है.
अब आपको धोखाधड़ी वाले मैसेज या कॉल्स से परेशान होने की जरूरत नहीं है. भारत सरकार ने एक ऐसा पोर्टल पेश किया है, जहां आप घर बैठे इन नंबरों की शिकायत कर सकते हैं. इस पोर्टल की खास बात है कि यह न केवल नंबर ब्लॉक करता है, बल्कि अपराधी के मोबाइल (IMEI) को भी ब्लैकलिस्ट कर देता है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं…
किस पॉर्टल पर करें रिपोर्ट?
राजस्थान पुलिस ने हाल ही में अपने आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट शेयर किया है और लोगों को इस पोर्टल के बारे में जानकारी दी है. अब संदिग्ध कॉल या मैसेज आने पर घबराने की जरूरत नहीं है इन्हें आप चक्षु पोर्टल (Chakshu Portal) पर रिपोर्ट कर सकते हैं. इसकी मदद से अपराधी का नंबर न केवल ब्लॉक होगी बल्कि मोबाइल (IMEI) को भी ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा.
किन परिस्थितियों में करना चाहिए रिपोर्ट?
अगर आपको डिजिटल अरेस्ट की धमकी मिले, फर्जी केवाईसी या कूरियर के नाम पर संदिग्ध कॉल आए तो आप तुरंत चक्षु पोर्टल (Chakshu Portal) पर रिपोर्ट कर सकते हैं. इसके अलावा अगर आपको विदेशी नंबरों (+92, +84 आदि) से बार-बार कॉल आती है तो भी आप इस पॉर्टल पर रिपोर्ट कर सकते हैं. रिपोर्ट करने के लिए आपको चक्षु पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट https://sancharsaathi.gov.in/sfc पर जाना होगा.

























































