भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने जिला शिक्षा कार्यालय (डीईओ) कटक में हुए करोड़ों के वेतन घोटाले का पर्दाफाश करते हुए एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष चंद्र साहू के रूप में हुई है, जो डीईओ कार्यालय के लेखा अनुभाग में कार्यरत था। उस पर 51.53 लाख रुपए सरकारी राशि के गबन का आरोप है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने एचआरएमएस और आईएफएमएस पोर्टल में हेरफेर कर चार बाहरी लोगों के नाम फर्जी कर्मचारी के तौर पर जोड़ दिए। इसके बाद उनके नाम पर सरकारी वेतन जारी कराया जाता था। चौंकाने वाली बात यह रही कि खाते में वेतन पहुंचते ही पूरी रकम उसी दिन आरोपी के निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाती थी।
विजिलेंस के अनुसार, यह फर्जीवाड़ा 31 दिसंबर 2018 से 16 अक्टूबर 2021 के बीच किया गया। आरोपी पर ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर (डीडीओ) के लॉगिन क्रेडेंशियल का गलत इस्तेमाल करने का भी आरोप है।
मामले में कटक विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत केस नंबर 18/2026 दर्ज किया गया है। विजिलेंस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया है।

























































