नई दिल्ली। अगर आपने कभी टीवी पर आने या किसी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सपना देखा है, तो यह मौका आपके लिए खास हो सकता है. स्टार प्लस जल्द ही एक नया रियलिटी शो लेकर आ रहा है, जिसका नाम है ‘इंडियाज टॉप 1 परसेंट’. इस शो की खास बात यह है कि यहां सिर्फ ज्ञान ही नहीं, बल्कि आपकी सोचने-समझने की क्षमता, तेज दिमाग और मुश्किल परिस्थितियों में सही फैसला लेने की काबिलियत की परीक्षा होगी. शो को बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर होस्ट करने वाले हैं और इसके विजेता के लिए 1 करोड़ रुपये की इनामी राशि भी रखी गई है.
आज के दौर में रियलिटी शो सिर्फ सिंगिंग, डांस और एक्टिंग तक सीमित नहीं रह गए हैं. दर्शक अब ऐसे कार्यक्रमों को भी पसंद कर रहे हैं, जहां दिमाग और समझदारी की असली परीक्षा होती है. ‘इंडियाज टॉप 1 परसेंट’ भी इसी सोच के साथ तैयार किया गया है. शो में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को अलग-अलग तरह की चुनौतियों का सामना करना होगा, जहां उनकी लॉजिकल थिंकिंग, ऑब्जर्वेशन स्किल और क्विक डिसीजन लेने की क्षमता को परखा जाएगा.
क्या ‘कौन बनेगा करोड़पति’ से होगा अलग?
निर्माताओं के मुताबिक, यह शो सिर्फ किसी खास वर्ग के लोगों के लिए नहीं है. स्टूडेंट, नौकरीपेशा लोग,हाउसवाइव्स, बिजनेसमैन या किसी भी क्षेत्र से जुड़े लोग इसमें भाग ले सकते हैं. यानी अगर आपको लगता है कि आप अपने तेज दिमाग और समझदारी के दम पर दूसरों से अलग पहचान बना सकते हैं, तो यह मंच आपके लिए है.
टीवी पर पहली बार आ रहे अनिल कपूर
शो के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. इस शो का एक और बड़ा आकर्षण अनिल कपूर हैं. अभिनेता लंबे समय से फिल्मों और टेलीविजन के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करते आ रहे हैं. उनकी कमाल की एनर्जी और अलग अंदाज को देखते हुए माना जा रहा है कि वह इस शो में भी अपनी खास छाप छोड़ेंगे. इससे पहले भी अनिल कपूर कई टीवी शोज और रियलिटी कार्यक्रमों का हिस्सा रह चुके हैं.
पिछले कुछ वर्षों में क्विज और इंटेलिजेंस आधारित शोज को दर्शकों का अच्छा सपोर्ट मिला है. ऐसे में ‘इंडियाज टॉप 1 परसेंट’ को लेकर भी काफी उत्साह देखा जा रहा है. शो का मकसद सिर्फ मनोरंजन करना नहीं, बल्कि उन लोगों को एक नेशनल मंच देना भी है, जो अपनी बुद्धिमत्ता और सोचने की क्षमता के दम पर कुछ अलग करना चाहते हैं.




























































