भुवनेश्वर। आगामी होली पर्व के दौरान यात्रियों के लिए सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्व तट रेलवे (ईस्ट कोस्ट रेलवे) ने अपने क्षेत्र से 62 विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है। ये विशेष ट्रेनें देश के विभिन्न प्रमुख शहरों को जोड़ेंगी।
त्योहारों के मौसम में भारतीय रेलवे में टिकट बुकिंग की संख्या में भारी वृद्धि देखी जाती है, जिसके कारण नियमित ट्रेनों में लंबी Waiting List बन जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे न केवल नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ रहा है, बल्कि व्यस्त और लोकप्रिय मार्गों पर कई विशेष ट्रेनों का भी संचालन कर रहा है, ताकि यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।
देश के कई शहरों तक होगी कनेक्टिविटी
योजना के तहत चलाई जाने वाली विशेष ट्रेनें संबलपुर–इरोड, विशाखापट्टनम–तिरुपति, विशाखापट्टनम–एसएमवीबी बेंगलुरु, विशाखापट्टनम–चारलापल्ली, विशाखापट्टनम–शालीमार, पुरी–पटना, पुरी–उधना, भुवनेश्वर–यशवंतपुर और भुवनेश्वर–धनबाद जैसे प्रमुख गंतव्यों को जोड़ेंगी।
पूर्व तट रेलवे की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक पूर्व तट रेलवे सक्रिय योजना और सुदृढ़ परिचालन व्यवस्था के माध्यम से, विशेष रूप से प्रमुख त्योहारों के दौरान, यात्रियों को सुरक्षित, कुशल और यात्री-अनुकूल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
यात्री आइआरसीटीसी वेबसाइट, मोबाइल ऐप जैसे रेलवे एप, अथवा पीआरएस काउंटरों के माध्यम से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से टिकट बुक कर सकते हैं।

























































