भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा घोटाले के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने एक और बिचौलिए को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, यह गिरफ्तारी शुक्रवार को बरहमपुर से की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान एपिली सीताराम के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने अभ्यर्थियों को जुटाने और घोटाले के तहत उन्हें आंध्र प्रदेश ले जाने वाली बस की व्यवस्था कराने में अहम भूमिका निभाई थी।
जांच में शामिल होने के लिए तलब किया
जांचकर्ताओं ने बताया कि सीताराम की संलिप्तता का खुलासा मामले से जुड़े कई अभ्यर्थियों से पूछताछ के दौरान हुआ। पूछताछ में सामने आए सबूतों के आधार पर सीबीआई ने उसे कई बार नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए तलब किया था।
सूत्रों के अनुसार, सीताराम को कई बार सीबीआई कार्यालय बुलाया गया और उससे लंबी पूछताछ की गई। इसके बाद शुक्रवार को एजेंसी ने औपचारिक रूप से उसे गिरफ्तार कर लिया।
16 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
ओडिशा पुलिस एसआई भर्ती घोटाले में सीबीआई पहले ही 16 आरोपियों के खिलाफ प्रारंभिक चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें मुख्य सरगना शंकर पृष्टी भी शामिल है। एजेंसी ने कहा कि जांच अभी जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।
व्यापक नेटवर्क की जांच
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई को भर्ती घोटाला सिंडिकेट में कई और लोगों की संलिप्तता का संदेह है। एजेंसी अतिरिक्त आरोपियों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच तेज कर रही है।
जांचकर्ता सीताराम की भूमिका से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं, जिनमें यह शामिल है कि वह कितने समय से सिंडिकेट से जुड़ा था, उसने कितने अभ्यर्थियों को जोड़ा, क्या यह उसकी पहली संलिप्तता थी और रैकेट के अन्य सदस्यों से उसके क्या संबंध थे।
सीबीआई ने दोहराया है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

























































