संबलपुर। मंगलवार की शाम संबलपुर रेलवे स्टेशन के पास पांच लाख 18 हजार 900 रूपये नकद के साथ पकड़ा गया ओड़िशा पुलिस बिल्डिंग एंड वेलफेयर कॉर्पोरेशन का डिप्टी मैनेजर विद्युत रंजन भोल करोड़पति निकला।
विजिलेंस की टीम ने उसके विभिन्न ठिकानों की तलाशी लेने के बाद यह खुलासा किया है। ऐसे में, आगे की जांच पड़ताल और पूछताछ के लिए उसे संबलपुर से भुबनेश्वर ले जाया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि आगे की जांच और पूछताछ के बाद उसके अन्य चल- अचल संपत्तियों का खुलासा संभव है।
गौरतलब है कि संबलपुर में डिप्टी मैनेजर विद्युत रंजन भोल के पकड़े जाने के बाद, संबलपुर विजिलेंस के स्पेशल जज की ओर से जारी सर्च वारंट के बल पर विजिलेंस की अलग अलग टीम ने संबलपुर, भुबनेश्वर और गंजाम जिला के भंजनगर के ठिकानों पर तलाशी शुरु की थी।
करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा
इस तलाशी के दौरान डिप्टी मैनेजर भोल के भुबनेश्वर के रसूलगढ़ स्थित पुलिस हाउसिंग कॉलोनी के फ्लैट से नकद पांच लाख 41 हजार 700 रूपए और चंद्रशेखरपुर स्थित उसकी बहन के घर से नकद 34 लाख 81 हजार रूपए जब्त किया था।
आगे की जांच और तलाशी के दौरान और 48 लाख 79 हजार 100 रूपए, ब्रह्मपुर, जटनी और अन्य शहरों में 29 कीमती प्लॉट्स, भुबनेश्वर के कलिंग विहार में एक फ्लैट, दो बहुमंजिला मकान और सोने के आभूषण, सोने के छह सिक्के और सोने के दो बिस्कुट मिलाकर कुल एक किलो 140 ग्राम सोना मिला।

























































