नई दिल्ली: हॉलीवुड के जाने माने एक्टर जॉर्ज क्लूनी ने अपने एक्टिंग करियर में एक बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने एलान किया है कि वह फिल्मों में लड़कियों के साथ किसिंग सीन नहीं करेंगे। 64 साल के अभिनेता क्लूनी ने जानकारी दी है कि उन्होंने यह फैसला अपनी पत्नी अमाल क्लूनी से बातचीत के बाद लिया है।
लड़कियों को किस नहीं करेंगे क्लूनी
डेली मेल को दिए इंटरव्यू में जॉर्ज क्लूनी ने कहा ‘मैं पॉल न्यूमैन वाली राह पर चलने की कोशिश कर रहा हूं। अब मैं किसी लड़की को किस नहीं करूंगा। जब मैं 60 साल का हुआ, तो अपनी पत्नी से बात की। मैंने कहा- मैं अब भी 25 साल के लड़कों के साथ बास्केटबॉल खेल सकता हूं। मैं फिट हूं। लेकिन 25 साल बाद मैं 85 का हो जाऊंगा। कितने भी ग्रेनोला बार खा लूं लेकिन यही सच है।’
पहले भी कर चुके हैं इस तरह की बात
जॉर्ज क्लूनी ने पहले भी इस तरह की बातें की थीं। इस साल मार्च में उन्होंने कहा था कि वह रोमांटिक फिल्मों से दूर हो रहे हैं। 60 मिनट्स से बातचीत में उन्होंने कहा था ‘मैं 63 साल का हूं। मैं 25 साल के लीडिंग मैन से कंपटीशन नहीं करना चाहता। ये मेरा काम नहीं है। मैं अब रोमांटिक फिल्में नहीं कर रहा।’
निर्देशक ने की थी आलोचना
न्यूयॉर्क टाइम्स के साथ 2022 के एक इंटरव्यू में अपने करियर की शुरुआत को याद करते हुए, एक्टर ने बताया कि एक बार एक निर्देशक को उनकी ऑन स्क्रीन किसिंग पसंद नहीं आई थी। इसलिए उन्होंने उनकी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था। ‘मुझे याद है, करियर के शुरुआत में मुझे एक किसिंग सीन करना था। निर्देशक बोला, ‘ऐसे नहीं।’ मैंने कहा, ‘ड्यूड, असल जिंदगी में मैं यही तो करता हूं।’
17 साल छोटी है पत्नी
‘वन फाइन डे’, ‘आउट ऑफ साइट’, ‘अप इन द एयर’ और ‘टिकट टू पैराडाइज’ जैसी रोमांटिक फिल्मों के एक्टर जॉर्ड क्लूनी ने साल 2014 में अपने से 17 साल छोटी अमाल क्लूनी से शादी की थी। दोनों के जुड़वा बच्चे हैं।


























































