नई दिल्ली। डायबिटीज आज के समय में एक ऐसी बीमारी बन गई है, जो लगभग हर दूसरे घर में अपनी जगह बना चुकी है. शुगर लेवल को कंट्रोल में रखने के लिए लोग दवाइयों के साथ-साथ कई घरेलू नुस्खे भी आजमाते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक भिंडी का पानी (Okra Water) सुनने में यह थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों और कई रिसर्च का मानना है कि भिंडी का पानी डायबिटीज के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आलोक चोपड़ा का भी कहना है कि यह पानी न केवल शुगर कंट्रोल करता है, बल्कि मेटाबॉलिज्म सुधारने और वजन घटाने में भी काफी मददगार है.
कैसे काम करता है भिंडी का पानी
भिंडी में विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर होते हैं. जब हम भिंडी को रात भर पानी में भिगोकर रखते हैं, तो इसके पोषक तत्व पानी में घुल जाते हैं.
1. लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स
भिंडी का ‘ग्लाइसेमिक इंडेक्स’ बहुत कम होता है. इसका मतलब यह है कि इसे खाने या इसका पानी पीने से शरीर में शुगर एकदम से नहीं बढ़ती. यह धीरे-धीरे पचता है और ग्लूकोज को खून में धीरे-धीरे छोड़ता है.
2. फाइबर
भिंडी के अंदर एक चिपचिपा पदार्थ होता है, जिसे ‘म्यूसिलेज’ कहते हैं. यह असल में सॉल्युबल फाइबर (घुलनशील फाइबर) है. यह फाइबर शरीर में शुगर के सोखने की प्रक्रिया को धीमा कर देता है, जिससे खाना खाने के बाद शुगर लेवल अचानक नहीं बढ़ता.
3. इंसुलिन
कुछ रिसर्च बताते हैं कि भिंडी में मौजूद खास तत्व शरीर में इंसुलिन के प्रति संवेदनशीलता (Insulin Sensitivity) को बढ़ाते हैं. इससे शरीर की कोशिकाएं शुगर का बेहतर इस्तेमाल कर पाती हैं.
4. फास्टिंग शुगर
स्टडी में देखा गया है कि जो लोग नियमित रूप से भिंडी के पानी का सेवन करते हैं, उनकी सुबह की खाली पेट वाली शुगर (Fasting Sugar) में काफी सुधार देखने को मिलता है.
कैसे बनाएं भिंडी का पानी-
इसे बनाना बहुत ही सरल है. आपको बस नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करने हैं:
- फ्रेश भिंडी- बाजार से एकदम ताजी और गहरे हरे रंग की 3-4 भिंडी लें.
- सफाई- भिंडी को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि धूल-मिट्टी निकल जाए.
- कटिंग- भिंडी के दोनों सिरों (ऊपर और नीचे का हिस्सा) को काट दें. फिर बीच में से एक लंबा चीरा (Slit) लगा दें.
- भिगोना- एक गिलास पानी में इन कटी हुई भिंडियों को डालकर रात भर के लिए छोड़ दें.
- सेवन- सुबह उठकर भिंडी को पानी में से निकाल लें (आप चाहें तो उन्हें निचोड़ भी सकते हैं ताकि सारा सत्व पानी में आ जाए) और खाली पेट इस पानी को पिएं.
भिंडी का पानी पीने के फायदे
भिंडी का पानी सिर्फ डायबिटीज ही नहीं है, कई अन्य बीमारियों में भी फायदेमंद है.
- पाचन- भिंडी में फाइबर की अधिकता होती है, जो कब्ज की समस्या को दूर करने में मददगार है.
- दिल- भिंडी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स कोलेस्ट्रॉल को कम करने और दिल को बीमारियों से बचाने में मदद कर सकते हैं.
- इम्यूनिटी- विटामिन C और K से भरपूर होने के कारण भिंडी शरीर की बीमारियों से लड़ने की ताकत बढ़ाती है.
- हाइड्रेशन- भिंडी शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है और आपको तरोताजा महसूस कराने में मददगार है.

























































