बालेश्वर। जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित नीलदा गांव के प्रसिद्ध सर्वमंगला मंदिर में शनिवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और सोने-चांदी के आभूषणों सहित दानपेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत सात लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मंदिर की दानपेटी को भी तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी निकाल ली। इसके अलावा देवी के सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान भी अपने साथ ले गए।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर के बाहर टूटी हुई दानपेटी पड़ी देखी। इसके बाद मंदिर में चोरी की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल की जांच के लिए वैज्ञानिक टीम (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया है। टीम ने साक्ष्य एकत्र कर यह पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है कि चोरों ने किस तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरी गए आभूषणों एवं नकदी का पता लगाने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है।





























































