भुवनेश्वर। जाजपुर जिले के बिंझारपुर के प्रभारी तहसीलदार एवं ओआरएस प्रदीप्त कुमार सेठी को ओडिशा विजिलेंस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस टीम ने उन्हें जमीन के अनुकूल सीमांकन (डिमार्केशन) के एवज में एक पट्टाधारी से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते समय पकड़ा।
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपित के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान 5,06,490 रुपये नगद बरामद कर जब्त किया गया। जब्त नगदी के स्रोतों की जांच की जा रही है।
ओडिशा विजिलेंस ने इस मामले में कटक विजिलेंस थाना केस संख्या 36, दिनांक 19.12.2025 के तहत भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 में मामला दर्ज किया है।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

























































