मोदीपुरम। बच्चों को शिक्षा का पाठ सिखाने वाला ही शिक्षक जब अनपढ़ और जाहिल जैसी हरकत करने लगे तो सवाल उठने लाजिमी हैं। स्कूल के शिक्षक ने अपनी पत्नी से घरेलू विवाद के बाद घर के सामान में तोड़फोड़ की, फिर देवी देवताओं की तस्वीर को उसने जूते से रगड़ा। खुद वीडियो बनाई, जिसके बाद वह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गई।
भारतीय बजरंगी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंहराज सिंह गहलौत की तहरीर पर कंकरखेड़ा थाने में केस दर्ज हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पुलिस को बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित है, जिसमें एक व्यक्ति हिंदू समाज के देवी देवताओं की तस्वीर को जूते से रंगड़ रहा है। जिससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
पुलिस ने शिकायतकर्ता से तहरीर दी, जिसके बाद प्रसारित वीडियो का संज्ञान लिया। इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि प्रसारित वीडियो की जांच पड़ताल की तो वह कंकरखेड़ा क्षेत्र में सैनिक विहार निवासी अमोल निगम पुत्र अशोक निगम का निकला। पुलिस ने तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर ने कहा कि पूछताछ में पता चला कि आरोपित अमोल निगम शिक्षक है, जबकि उसकी पत्नी भी शिक्षक है। दंपती में विवाद के चलते पत्नी अपने मायके चली गई थी। उसके बाद शिक्षक अमोल निगम ने घर का सामान तोड़फोड़ दिया।
आरोपित ने पहले खुद के साथ पत्नी के खिंचे फोटो को जूते से रगड़ा, फिर हिंदू देवी देवताओं की तस्वीर को भी जूते से रगड़ा। आरोपित ने खुद वीडियो बनाई। जिसके बाद वह इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुई थी। इंस्पेक्टर का कहना है कि केस दर्ज के बाद आरोपिहत शिक्षक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

























































