नई दिल्ली। पिछली बार की एक सेमीफाइनलिस्ट टीम इस बार के टी20 विश्व कप में सुपर 8 से ही बाहर होती नजर आ रही है। ये टीम कोई और नहीं, बल्कि अफगानिस्तान की टीम है, जो लीग फेज में अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से और दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका से हार चुकी है। इस वजह से अफगानिस्तान की टीम के सुपर 8 में जाने के रास्ते लगभग बंद हो गए हैं। दो और टीमों का भी हाल इस समय यही है, जो दो-दो मैच लीग फेज में हार चुकी हैं। ऐसे में जान लीजिए कि टी20 विश्व कप 2026 की पॉइंट्स टेबल का हाल क्या है और भारतीय टीम की स्थिति कैसी है?
दरअसल, अफगानिस्तान के अलावा आयरलैंड और यूएसए की टीम भी लीग फेज में 2-2 मैच हार चुकी है। ऐसे में इन टीमों का आगे का सफर खत्म लग रहा है। आधिकारिक तौर पर अभी कोई टीम बाहर नहीं हुई है, लेकिन इन टीमों का सुपर 8 में पहुंचना संभव नहीं लग रहा, क्योंकि कम से कम 3 जीत वाली टीमें हीं सुपर 8 में पहुंचती नजर आएंगी और इन टीमों के ग्रुप में इन टीमों को छोड़कर बाकी कई टीमें हैं, जो 3 या इससे ज्यादा मैच जीत सकती हैं। अफगानिस्तान के लिए बुधवार को करो या मरो का मुकाबला साउथ अफ्रीका से था, जो डबल सुपर ओवर तक गया, लेकिन टीम हार गई।
ग्रुप ए की बात करें तो पाकिस्तान की टीम टॉप पर है, जो अपने पहले दो मैच जीतकर 4 अंकों के साथ शीर्ष पर है। दूसरे नंबर पर भारत है, जिसने अपने पहले मैच में यूएसए को हराया था। नीदरलैंड की टीम तीसरे स्थान पर है, 2 में से एक मैच जीत चुकी है। चौथे नंबर पर नामीबिया है, जो एक मैच हार चुकी है। ग्रुप में सबसे आखिरी पायदान पर यूएसए है, जो पहले 2 मुकाबले हार चुकी है।
ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया नंबर वन है, जिसने पहले मैच में आयरलैंड को बुरी तरह हराया है। दूसरे नंबर पर जिम्बाब्वे है, जो ओमान को हरा चुकी है। तीसरे नंबर पर श्रीलंका है, जिसने आयरलैंड को हराया है। चौथे नंबर पर आयरलैंड है, जो दो मैच हार चुकी है। आखिरी पायदान पर इस ग्रुप में ओमान है, जो एक मैच अब तक खेली है और उसे हारी है।
ग्रुप सी में वेस्टइंडीज की टीम दो में से दो मैच जीतकर 4 अंकों के साथ टॉप पर है। स्कॉटलैंड की टीम दूसरे स्थान पर है, जो दो में से एक मैच जीती है। इंग्लैंड का भी यही हाल है, जो तीसरे स्थान पर है। चौथे स्थान पर नेपाल है, जो एक मैच हारी है। इटली ने भी एक ही मुकाबला खेला है, जिसे वह हारी है।
ग्रुप डी में न्यूजीलैंड शीर्ष पर है, जो 2 मैच जीत चुकी है। साउथ अफ्रीका ने भी 2 में से 2 मैच जीते हैं और टीम दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान की टीम दो मैच हारकर तीसरे पायदान पर है। चौथे स्थान पर यूएई है, जो एक मैच खेली है, लेकिन उसे हारी है। कनाडा ने भी एक मैच खेला है, जो सबसे आखिरी स्थान पर है और उस मैच को हार चुकी है। बता दें कि टॉप 2 टीमें ही हर ग्रुप से सुपर 8 में पहुंचेंगी।

























































