भुवनेश्वर। इंटरनेट मीडिया के जरिए मंदिरों को उड़ाने की धमकी देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विभिन्न मंदिरों और कुछ वरिष्ठ व्यक्तियों को लगातार धमकी भरे मैसेज और कॉल कर रहा था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
पुरी एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर के कई मंदिरों और खास लोगों को अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे संदेश मिल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए विभिन्न थानों में केस दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रतीक मिश्रा को अनुगुल से गिरफ्तार किया।
महिला को फंसाने के लिए रची साजिश
एसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था। उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक महिला को फंसाने के इरादे से इस तरह की हरकतें कर रहा था।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इससे पहले वह श्रीमंदिर में बम रखने की धमकी और राज्यसभा सांसद को धमकी देने के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

























































