नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव में हैं. भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मुकाबले में मिली जीत के बाद टीम इंडिया की सीधी सेमीफाइनल में एंट्री हुई है. इसी के साथ मौजूदा विश्व कप के चारों सेमीफाइनलिस्ट मिल चुके हैं. पहला सेमीफाइनल न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच 4 मार्च को खेला जाएगा. वहीं, दूसरा मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को खेला जाना है.
इस विश्व कप में 4 खिलाड़ियों ने शतक ठोके.अकेले पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 2 शतक जड़ दिए. लेकिन, आज से 14 साल पहले एक ऐसा रिकॉर्ड स्थापित हुआ था. जो कि टी20 वर्ल्ड कप में आज भी कोई खिलाड़ी नहीं तोड़ सका है. दरअसल, हम बात कर रहे हैं आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के बारे में, जो कि न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास के विस्फोटक बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम के नाम पर कायम है.
साल 2012 में कायम हुआ रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड टीम के विध्वंसक बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम ने साल 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में जबरदस्त पारी खेली थी. मैकुलम ने बांग्लादेश के खिलाफ पल्लेकेले में खेले गए मुकाबले में 58 गेंदों में 123 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी. इस पारी के दौरान मैकुलम ने 11 चौके और 7 आसमानी फायर दागे थे. उन्होंने 212.90 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए जबरदस्त बल्लेबाजी की. मैकुलम के द्वारा स्थापित ये रिकॉर्ड आज 14 सालों के बाद भी कोई खिलाड़ी नहीं तोड़ पाया है. टी20 विश्व कप के इतिहास में आज भी मैकुलम की ये इनिंग सबसे बड़ी पारी के रूप में शुमार है.
रोहित-विराट भी कोसों पीछे
भारत के स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली इस मामले में मैकुलम से काफी पीछे नजर आते हैं. दोनों ही खिलाड़ियों ने साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. साथ ही दोनों दिग्गज ने लंबे समय तक टी 20 वर्ल्ड कप खेला. लेकिन, कभी भी न्यूजीलैंड के तूफानी बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम के इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए. बता दें कि रोहित का टी20 विश्व कप में बेस्ट स्कोर 92 रनों का रहा. वहीं, विराट कोहली का सर्वोच्च स्कोर 89 रनों का रहा है.
क्या इस बार नहीं टूटेगा ये रिकॉर्ड?
अब सबसे बड़ा सवाल है कि 14 साल पहले मैकुलम द्वारा स्थापित किए इस रिकॉर्ड को आखिर कौन तोड़ेगा. भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मुकाबले में संजू सैमसन ने 97 रनों की पारी खेलते हुए जोरदार वापसी की है. अभिषेक शर्मा एक बार फिर फेल रहे, उनके लिए यह विश्व कप बिल्कुल खास नहीं रहा है. वहीं, शुरुआती मैचों में चलने के बाद ईशान किशन भी कुछ खास नहीं कर पाए हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या मैकुलम के 123 रनों की पारी को कोई भी बल्लेबाज पीछे छोड़ पाएगा या इस साल भी ये रिकॉर्ड अटूट रह जाएगा?

























































