नई दिल्ली। महान लेग स्पिनर रहे अनिल कुंबले ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के हाथों मुंबई इंडियंस की हार के कारणों का विश्लेषण किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई के गेंदबाजों में उद्देश्य के साथ-साथ इरादे की भी कमी थी। कुंबले राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी से हैरान दिखे।
पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने कहा है कि राजस्थान रॉयल्स के हाथों इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में 27 रन से मिली हार के दौरान मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी में उद्देश्य और इरादों की कमी नजर आई।
यशस्वी जायसवाल के नाबाद 77 रन और सूर्यवंशी की 14 गेंदों में खेली गई 39 रन की तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस पर आसानी से जीत हासिल कर ली। बारिश से प्रभावित इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 11 ओवर में तीन विकेट पर 150 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस नौ विकेट पर 123 रन ही बना पाया।
MI की गेंदबाजी में उद्देश्य और इरादे की कमी थी: कुंबले
कुंबले ने जिओ हॉटस्टार से कहा, ‘ऐसा लगा जैसे मुंबई इंडियंस की गेंदबाज़ी में कुछ उद्देश्य और इरादे की कमी थी। इसका असर निश्चित रूप से उनकी बल्लेबाज़ी पर भी पड़ा। 11 ओवरों में 151 रन बनाना आसान नहीं था।’
सूर्यवंशी ने जिस तरह से जसप्रीत बुमराह का सामना किया उससे भी कुंबले हैरान थे। सूर्यवंशी ने इस तेज गेंदबाज की पहली गेंद पर ही छक्का जड़ दिया था। उन्होंने कहा, ‘सूर्यवंशी ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक के खिलाफ इसे आसान बना दिया। पहली ही गेंद पर उन्होंने बुमराह को छक्का मारा और फिर उन पर हावी हो गए।’
‘अक्सर बुमराह बल्लेबाजों पर हावी होते हैं लेकिन यहां तो…’
कुंबले ने कहा, ‘हमने अक्सर बुमराह को बल्लेबाजों पर हावी होते हुए देखा है लेकिन यहां सूर्यवंशी ने बुमराह को धीमी गेंद फेंकने के लिए उकसाया। सूर्यवंशी की बल्लेबाजी शानदार थी। जिस तरह से उन्होंने गेंद को हिट किया और स्ट्राइक रेट में जो निरंतरता दिखाई, वह सराहनीय है। वह हर मैच में लगभग 300 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। वह लगातार 30 से अधिक रन बना रहे हैं, जो शानदार है।’
राजस्थान रॉयल्स के ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित हुए डुप्लेसी
उन्होंने कहा, ‘राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। मुझे लगता है कि उन्होंने तीनों विभाग में मुंबई इंडियंस से बेहतर प्रदर्शन किया। जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की और फिर सही लेंथ पर गेंद डाली, वह काबिले तारीफ है। इसके अलावा पहले विकेट की साझेदारी को भला कौन भूल सकता है। यह दोनों बल्लेबाज आईपीएल में शीर्ष क्रम में धूम मचा रहे हैं।’
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में अब तक 3 मैच खेले हैं और तीनों में ही जीत हासिल की है। वह आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में 6 अंकों के साथ टॉप पर है। राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और गेंदबाज रवि बिश्नोई के पास क्रमशः ऑरेंज कैप और पर्पल कैप हैं।

























































